बिजली समस्या को लेकर नपा अध्यक्ष ने डीएम को सौंपा पत्रक
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो |
बरहज, देवरिया।
मंगलवार को नगर पालिका परिषद गौरा बरहज की अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी से शिष्टाचार भेंट कर नगर एवं आसपास के क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल, देवरिया के नाम संबोधित एक पत्रक जिलाधिकारी को सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई कराने का अनुरोध किया गया।
पत्रक में देवरिया-बेलडांड़ मार्ग से बरहज विद्युत केंद्र तक 33 केवी विद्युत लाइन के लिए वैकल्पिक मार्ग से विद्युत पोल एवं हाईटेंशन केबल का विस्तार कराने की मांग की गई। बताया गया कि वर्तमान में पेड़ों की शाखाओं के संपर्क में आने के कारण 33 केवी लाइन बार-बार बाधित होती है, जिससे नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अनावश्यक विद्युत कटौती और फॉल्ट की समस्या उत्पन्न होती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सुरक्षित एवं उपयुक्त वैकल्पिक मार्ग विकसित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी अनुरोध किया कि पेड़ों की कटाई-छंटाई का टेंडर वन विभाग द्वारा निर्धारित समयावधि के भीतर कराया जाए। उनका कहना था कि विद्युत विभाग में संसाधनों, मैनपावर एवं वित्तीय व्यवस्था के अभाव के कारण टेंडर प्रक्रिया में विलंब होता है, जिससे समस्या का समाधान समय पर नहीं हो पाता।
पत्रक में भविष्य में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्थायी वैकल्पिक विद्युत मार्ग विकसित करने अथवा पूर्व की भांति बरहज देहात मार्ग से भी विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था बनाए रखने की मांग की गई।
जिलाधिकारी से भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल में सभासद रतन सोनकर, सतेन्द्र यादव, मुरारी जायसवाल एवं मुहर्रम राईन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने नगरहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने कहा कि "नगरवासियों को बेहतर, सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी किए जाएंगे।"
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR