गंडक नहर में महिला ने लगाई छलांग, नारायणी नदी में युवती डूबी; दोनों की तलाश जारी

गंडक नहर में महिला ने लगाई छलांग, नारायणी नदी में युवती डूबी; दोनों की तलाश जारी

टाइम्स ऑफ कुशीनगर संवाददाता

नेबुआ नौरंगिया, कुशीनगर। जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में एक अज्ञात महिला ने मुख्य गंडक नहर में छलांग लगा दी, जबकि खड्डा थाना क्षेत्र में नारायणी नदी में लकड़ी पकड़ने गई 21 वर्षीय युवती तेज बहाव में लापता हो गई। दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के ढोलहा स्थित मुख्य गंडक नहर के पास एक अज्ञात महिला नौरंगिया-घुघली मार्ग की ओर से बिहारी छपरा की दिशा में आती दिखाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला सीधे ढोलहा फाटक के उत्तरी छोर पर पहुंची और अचानक नहर में छलांग लगा दी।

बताया जाता है कि नहर में कूदने के कुछ देर बाद महिला फाटक के दक्षिणी हिस्से में पानी के बीच एक बार दिखाई दी, लेकिन इसके बाद वह तेज बहाव में ओझल हो गई। घटना की सूचना मिलने के बावजूद कई घंटे तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका। स्थानीय लोग मौके पर जुटे रहे, लेकिन महिला को बचाया नहीं जा सका।

इधर दूसरी घटना खड्डा थाना क्षेत्र के मदनपुर सुकरौली स्थित ठोकर नंबर-2 के पास हुई। यहां लगभग 21 वर्षीय एक युवती नदी में बहकर आ रही लकड़ियां पकड़ने के लिए नारायणी नदी में उतरी थी। इसी दौरान वह तेज बहाव की चपेट में आ गई और देखते ही देखते नदी में लापता हो गई।

दोनों घटनाओं की सूचना संबंधित पुलिस और प्रशासन को दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक दोनों की तलाश जारी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।



रिपोर्टर: संजय यादव

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ