- शाम की सैर पर निकली युवती रहस्यमय ढंग से लापता,
- सरयू किनारे मिली चप्पल; तलाश जारी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
बरहज, देवरिया। बरहज थाना क्षेत्र के गौरा गांव की एक 22 वर्षीय युवती शुक्रवार शाम घर से टहलने के लिए निकली, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार की तहरीर पर बरहज थाने में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरा निवासी सुमन सोनकर (22 वर्ष) पुत्री नंदलाल सोनकर शुक्रवार की शाम घर से टहलने के लिए निकली थीं। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की, लेकिन युवती का कहीं पता नहीं चल सका।
इसी बीच क्षेत्र में चर्चा है कि युवती की चप्पल गौरा घाट के समीप सरयू नदी के किनारे पड़ी मिली। सूचना मिलते ही बरहज पुलिस मौके पर पहुंची और नदी में युवती की तलाश शुरू कराई।
थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि युवती की गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नदी किनारे चप्पल मिलने की सूचना को भी गंभीरता से लेते हुए गोताखोरों की मदद से सरयू नदी में तलाश अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवती का कोई सुराग नहीं मिल सका।पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और युवती की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
रिपोर्टर: पवन कुमार पाण्डेय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR