खुद के खिलाफ दर्ज मुकदमे में प्रगति रिपोर्ट तलब करने की मांग, कोर्ट में दिया प्रार्थनापत्र

खुद के खिलाफ दर्ज मुकदमे में प्रगति रिपोर्ट तलब करने की मांग, कोर्ट में दिया प्रार्थनापत्र
देवरिया/भाटपार रानी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया के पूर्व पुलिस अधीक्षक अमिताभ ठाकुर ने अपने खिलाफ कोतवाली देवरिया में दर्ज एक मुकदमे की जांच की प्रगति रिपोर्ट तलब किए जाने की मांग को लेकर कार्यवाहक मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय, देवरिया में प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किया है।
अधिवक्ता प्रवीण द्विवेदी के माध्यम से न्यायालय में दाखिल प्रार्थनापत्र में कहा गया है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद दस माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद जांच को अब तक उसके कानूनी निष्कर्ष तक नहीं पहुंचाया गया है। साथ ही पुलिस द्वारा अंतिम रिपोर्ट अथवा आरोपपत्र न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किया गया है। प्रार्थनापत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि मुकदमा दर्ज होने के लगभग दो माह के भीतर ही अमिताभ ठाकुर को शाहजहांपुर से चलती ट्रेन में गिरफ्तार कर लिया गया था।
प्रार्थनापत्र में अधिवक्ता प्रवीण द्विवेदी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले में अब तक की समस्त जांच एवं कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कराने की मांग की है। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश पुलिस रेगुलेशन के प्रस्तर-122 तथा डीजीपी के संबंधित सर्कुलर के प्रावधानों का उल्लंघन बताते हुए आवश्यक कार्रवाई की भी मांग की है।
उल्लेखनीय है कि 12 सितंबर 2025 को देवरिया के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक प्लॉट के आवंटन में कथित जालसाजी के आरोप में अमिताभ ठाकुर एवं उनकी पत्नी डॉ. नूतन ठाकुर के विरुद्ध कोतवाली देवरिया में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि अमिताभ ठाकुर ने अपने प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए अपनी पत्नी के नाम से कथित रूप से फर्जी तरीके से औद्योगिक प्लॉट आवंटित कराया।
इस मामले में अमिताभ ठाकुर को 10 दिसंबर 2025 को शाहजहांपुर से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद वह लगभग दो माह तक देवरिया जिला कारागार में निरुद्ध रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ