वर्षों से जमे लेखपालों की हिली कुर्सी, डीएम ने एक झटके में बदले समीकरण
🔴 63 लेखपालों का तबादला, राजस्व विभाग में मचा हड़कंप
🔴 कसया से राधेश्याम सिंह भी हटे, तमकुहीराज तहसील में मिली नई तैनाती
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। जनपद में वर्षों से एक ही तहसील में जमे लेखपालों पर आखिरकार जिलाधिकारी का प्रशासनिक डंडा चल गया। राजस्व व्यवस्था में पारदर्शिता और प्रशासनिक संतुलन कायम करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर एक झटके में 63 लेखपालों का स्थानांतरण कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद तहसीलों और राजस्व विभाग में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा।
जारी स्थानांतरण सूची में सबसे अधिक चर्चा कसया तहसील में तैनात लेखपाल राधेश्याम सिंह के नाम की रही। विभागीय सूत्रों के अनुसार वह लंबे समय से कसया तहसील में कार्यरत थे। अब उनका स्थानांतरण तमकुहीराज तहसील कर दिया गया है। राजस्व विभाग के गलियारों में उनके तबादले को प्रशासन की बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार पडरौना, कसया, हाटा, खड्डा, तमकुहीराज और कप्तानगंज तहसीलों में तैनात लेखपालों को एक-दूसरे तहसीलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वर्षों से एक ही क्षेत्र में कार्यरत कई लेखपालों को भी इस बार नई तैनाती दी गई है। प्रशासन ने सभी स्थानांतरित लेखपालों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उनका वेतन भी नई तैनाती स्थल से ही आहरित किए जाने के आदेश दिए गए हैं।
राजस्व विभाग में लंबे समय से यह चर्चा होती रही है कि कई कर्मचारी वर्षों तक एक ही तहसील में तैनात रहते हैं। ऐसे में इस बार हुए व्यापक स्थानांतरण को प्रशासनिक व्यवस्था में संतुलन स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। स्थानांतरण सूची जारी होने के बाद तहसीलों और राजस्व कार्यालयों में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। कुछ कर्मचारियों ने इसे नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया बताया, जबकि कई लोगों के लिए यह आदेश अप्रत्याशित साबित हुआ।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि स्थानांतरण नीति के तहत आगे भी समीक्षा की जा सकती है और लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत अन्य कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल जिलाधिकारी के इस फैसले ने इतना जरूर स्पष्ट कर दिया है कि स्थानांतरण नीति के पालन को लेकर प्रशासन इस बार पूरी तरह गंभीर नजर आ रहा है।
रिपोर्ट: अजय त्रिपाठी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR