अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रशिक्षकों से आवेदन आमंत्रित, 14 अगस्त तक करें आवेदन
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार प्रदेश के विभिन्न जनपदों में संचालित आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों के खिलाड़ियों के प्रशिक्षण हेतु अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रशिक्षकों की मानदेय के आधार पर तैनाती की जाएगी। इसके लिए पात्र अभ्यर्थियों से 14 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे तक निर्धारित प्रारूप पर दो प्रतियों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उप क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि हॉकी, वॉलीबॉल, तैराकी, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, कबड्डी, कुश्ती, तीरंदाजी (बालक एवं बालिका वर्ग), हैंडबॉल (बालिका वर्ग), फुटबॉल, बॉक्सिंग, क्रिकेट तथा जूडो (बालक वर्ग) के लिए प्रशिक्षकों का चयन किया जाएगा।
चयनित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रशिक्षकों को ₹1.50 लाख प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। आवेदन-पत्र कार्यालय दिवसों में प्रातः 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं।
पात्रता के संबंध में बताया गया कि ऐसे खिलाड़ी अथवा प्रशिक्षक, जिन्होंने ओलंपिक खेल, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स या विश्व कप/विश्व चैंपियनशिप (चार वर्षीय प्रतियोगिताएं) में भाग लिया हो, आवेदन कर सकते हैं। इन प्रतियोगिताओं के पदक विजेता खिलाड़ियों को वरीयता प्रदान की जाएगी।
इसके अतिरिक्त पद्मश्री, खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार अथवा ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक, अथवा ऐसे प्रशिक्षक जिन्होंने ओलंपिक, विश्व कप, एशियन गेम्स या कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय टीम को प्रशिक्षण दिया हो, भी आवेदन के पात्र होंगे।
आवेदक का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम स्नातक उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। तैनाती प्रारंभिक रूप से तीन वर्ष के लिए होगी। प्रत्येक वर्ष उपलब्धियों, आचरण, अनुशासन एवं प्रशिक्षण कार्य के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा, जिसके आधार पर सेवा जारी रखने अथवा समाप्त करने का निर्णय खेल निदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा लिया जाएगा।
उप क्रीड़ा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह नियुक्ति पूर्णतः मानदेय एवं संविदा के आधार पर होगी तथा भविष्य में नियमितीकरण का कोई दावा मान्य नहीं होगा। आवश्यकता पड़ने पर चयनित प्रशिक्षकों को नियमित प्रशिक्षण के अतिरिक्त प्रतियोगिताओं एवं अन्य खेल गतिविधियों में भी सहयोग देना होगा।
इच्छुक एवं पात्र अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक आवश्यक अभिलेखों सहित निर्धारित प्रारूप में दो प्रतियों में अपना आवेदन 14 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे तक संबंधित कार्यालय में जमा कर सकते हैं। निर्धारित तिथि एवं समय के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR