जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने किया बाल संप्रेक्षण गृह एवं राजकीय महिला शरणालय का निरीक्षण
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुशीनगर के तत्वावधान में एवं जनपद न्यायाधीश संजीव कुमार त्यागी के निर्देशन में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भुवन ने गोरखपुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह (रिमांड होम) एवं राजकीय महिला शरणालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बाल संप्रेक्षण गृह के निरीक्षण के दौरान सचिव ने वहां रह रहे किशोर अपचारियों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, शिक्षा एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया तथा तकनीकी शिक्षा में रुचि रखने वाले किशोरों को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान भोजनालय का भी निरीक्षण किया गया। सचिव ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि बच्चों को पौष्टिक, स्वास्थ्यवर्धक एवं सुपाच्य भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन में हरी सब्जियों को नियमित रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई का भी जायजा लिया और स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
सचिव ने बाल संप्रेक्षण गृह के प्रभारी अधीक्षक को निर्देशित किया कि किशोर अपचारियों को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए तथा ऐसी स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) का चयन किया जाए, जिनके माध्यम से उन्हें रोजगार उपलब्ध कराकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। उन्होंने उच्च न्यायालय किशोर न्याय समिति के अध्यक्ष द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इसके उपरांत सचिव ने गोरखपुर स्थित राजकीय महिला शरणालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में कुशीनगर जनपद से संबंधित कोई भी संवासिनी वहां निवासरत नहीं है।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर



0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR