निचलौल के 'मिनी बाबा धाम' इटहिया पंचमुखी शिव मंदिर में सावन मेले की तैयारियां पूरी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

निचलौल के 'मिनी बाबा धाम' इटहिया पंचमुखी शिव मंदिर में सावन मेले की तैयारियां पूरी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। निचलौल क्षेत्र के प्रसिद्ध 'मिनी बाबा धाम' इटहिया स्थित पंचमुखी शिव मंदिर में एक माह तक चलने वाले वार्षिक सावन मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार से शुरू हुए इस मेले में पूरे सावन माह के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

श्रद्धालुओं की सुविधा एवं मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंधन समिति और तहसील प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। तहसील प्रशासन ने नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से मनोरंजन उपकरणों के संचालन के लिए संबंधित फर्म को अनुमति प्रदान की है।


इस वर्ष मनोरंजन साधनों की नीलामी से मंदिर प्रबंध समिति को लगभग 26 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब एक लाख रुपये अधिक है।

मनोरंजन व्यवस्थापक संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि मेले में बच्चों और श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न प्रकार के झूले एवं मनोरंजन के साधन लगाए गए हैं। इनमें मौत का कुआं, ब्रेकिंग डांस, टावर झूला, ड्रैगन नाव, जलपरी सहित बच्चों के लिए कई आकर्षक मनोरंजन उपकरण शामिल हैं।

श्रद्धालुओं से निर्धारित दर से ही शुल्क लिया जाए, इसके लिए मंदिर प्रबंध समिति की बैठक में सभी झूलों का किराया तय कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

पिछले वर्ष मेले के दौरान एक झूले में तकनीकी खराबी आने से नेपाल के एक युवक की मृत्यु हो गई थी। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए इस वर्ष सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है। झूला संचालकों को सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने तथा प्रत्येक उपकरण की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।



रिपोर्टर:रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ