जिला न्यायालय परिसर में युवक ने पेड़ पर चढ़कर दी आत्महत्या की धमकी, मचा हड़कंप
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर् ब्यूरों
महराजगंज। जिला न्यायालय परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हत्या के एक पुराने मामले में आए फैसले से आहत एक युवक अचानक एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। घटना के बाद न्यायालय परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं, वादकारियों और कर्मचारियों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान प्रवीण यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2005 में पनियरा थाना क्षेत्र के एक गांव में कन्हैया नामक युवक की हत्या हुई थी। इसी बहुचर्चित मामले में सोमवार को जिला न्यायालय में फैसला सुनाया गया था।
फैसले के बाद प्रवीण यादव कथित तौर पर असंतुष्ट होकर न्यायालय परिसर में स्थित एक पेड़ पर चढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पेड़ पर चढ़ने के बाद वह अपनी बात रखने लगा और आत्महत्या करने की चेतावनी देने लगा। युवक की इस हरकत से कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
अधिकारियों ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए बातचीत शुरू की और धैर्यपूर्वक उसे समझाने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि हत्या के पुराने मामले में आए फैसले से आहत होकर युवक पेड़ पर चढ़ गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया तथा न्यायालय परिसर में शांति व्यवस्था बनी हुई है। फिलहाल युवक को समझाकर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया ।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR