शादी को लेकर विवाद के बीच जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत, भाई का इलाज जारी

शादी को लेकर विवाद के बीच जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत, भाई का इलाज जारी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
बरहज, देवरिया।
बरहज नगर के पुराना बरहज मोहल्ले में शादी को लेकर पारिवारिक विवाद के बीच दो सगे भाइयों द्वारा जहरीला पदार्थ खा लेने का मामला सामने आया है। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पुराना बरहज निवासी परिवार में तीसरे नंबर के विष्णु गोस्वामी की शादी बिंदही तथा चौथे नंबर के महेश गोस्वामी की शादी विजयपुर में तय होने की बात चल रही थी। बताया जा रहा है कि सबसे छोटे भाई केशव गोस्वामी (21) इसका विरोध कर रहे थे। रविवार रात इसी बात को लेकर परिवार में कहासुनी हो गई, जिसके बाद विष्णु गोस्वामी और केशव गोस्वामी ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया।
परिजन दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहज ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया। वहां से विष्णु गोस्वामी की हालत गंभीर होने पर उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जाता है कि सोमवार सुबह केशव गोस्वामी अस्पताल से घर लौट आए। इसके बाद सोमवार दोपहर उन्होंने दोबारा कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी बरहज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार प्रथम दृष्टया युवक की मृत्यु जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारण की आधिकारिक पुष्टि होगी।
मृतक के भाई महेश गोस्वामी ने बताया कि शादी के मुद्दे को लेकर परिवार में विवाद हुआ था, जिसके बाद यह घटना हुई।
पुराने मामले को लेकर चर्चा 
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि वर्ष 2023 में बरहज बाजार स्थित सब्जी मंडी के पास हुए अखिलेश जायसवाल हत्याकांड में मृतक केशव गोस्वामी का नाम भी सामने आया था। हालांकि, इस संबंध में वर्तमान घटना से कोई संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से भी इस विषय पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ