तंबाकू मुक्त समाज के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : सीएमओ विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन

तंबाकू मुक्त समाज के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : सीएमओ

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो | देवरिया, 

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय स्थित धन्वंतरि सभागार में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने की। इस दौरान चिकित्सकों एवं
पैरामेडिकल कर्मियों को तंबाकू सेवन से दूर रहने तथा समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि युवाओं को तंबाकू और निकोटीन की लत से बचाना वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों, उच्च रक्तचाप तथा श्वास संबंधी अनेक गंभीर रोगों का प्रमुख कारण है।

उन्होंने लोगों से तंबाकू सेवन से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील करते हुए कहा कि तंबाकू के कारण हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग जानलेवा बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं। उन्होंने कहा कि केवल एक दिन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाना और उन्हें स्वस्थ जीवन के प्रति प्रेरित करना भी आवश्यक है।

कार्यक्रम में डिप्टी सीएमओ डॉ. कार्तिक पांडेय, डॉ. आर.पी. यादव, डॉ. विपिन रंजन, डॉ. आनंद, आदित्य मिश्रा सहित सहयोगी संस्थाओं सीफार (CIFAR), जेएसआई (JSI) एवं पीसीआई (PCI) के जिला प्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ