तुर्कपट्टी क्षेत्र में बेखौफ धधक रही कच्ची शराब की भट्टियां, पुलिस-आबकारी विभाग पर उठे सवाल

तुर्कपट्टी क्षेत्र में बेखौफ धधक रही कच्ची शराब की भट्टियां, पुलिस-आबकारी विभाग पर उठे सवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों

कुशीनगर। जनपद के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब के कारोबार पर रोक लगाने के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। क्षेत्र के सपही टड़वा गांव की भरवा टोली तथा मधुरिया चौकी क्षेत्र के चौहानपट्टी में कच्ची शराब की भट्टियां खुलेआम संचालित होने का आरोप है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब निर्माण का यह कारोबार लंबे समय से चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस विभाग के बीट सिपाही और हल्का दरोगा को इन अवैध भट्टियों की पूरी जानकारी है। बावजूद इसके शराब माफियाओं के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि समय-समय पर होने वाली छापेमारी में बड़ी मात्रा में कच्ची शराब और लहन बरामद होने के बाद भी अवैध कारोबार फिर से शुरू हो जाता है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शराब माफियाओं को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते वे बिना किसी भय के अपना अवैध कारोबार संचालित कर रहे हैं। क्षेत्र के गुरवलिया गांव में शाम के समय कई लोग खुलेआम सड़क किनारे बैठकर शराब का सेवन करते देखे जा सकते हैं, जिससे स्थानीय लोगों में असुरक्षा और नाराजगी का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल अवैध शराब निर्माण का मामला नहीं है, बल्कि कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते इस अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो इससे सामाजिक और आपराधिक समस्याएं और बढ़ सकती हैं।

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और आबकारी विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।


रिपोर्टर: 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ