आतंकी मॉड्यूल के खुलासे के बाद भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, महराजगंज में बढ़ाई गई चौकसी

आतंकी मॉड्यूल के खुलासे के बाद भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, महराजगंज में बढ़ाई गई चौकसी
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों द्वारा हाल ही में पाकिस्तान समर्थित एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किए जाने के बाद भारत-नेपाल
सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस कार्रवाई में देश के विभिन्न हिस्सों से नौ संदिग्धों की गिरफ्तारी हुई है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं।

जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क नेपाल के रास्ते आतंकियों को फंडिंग और लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध करा रहा था। छापेमारी के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने संदिग्ध ठिकानों से ग्रेनेड समेत बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है।
खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि इस मॉड्यूल से जुड़े कुछ फरार संदिग्ध खुली भारत-नेपाल सीमा का लाभ उठाकर नेपाल भाग सकते हैं या वहां से भारत में प्रवेश करने का प्रयास कर सकते हैं। इसी इनपुट के आधार पर सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।


महराजगंज जनपद से सटी लगभग 84 किलोमीटर लंबी भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। नेपाल से भारत में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है तथा उनके सामानों की भी सघन तलाशी ली जा रही है।
सीमा पर डॉग स्क्वाड की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों से भी सतर्क रहने और किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस अथवा सुरक्षा एजेंसियों एलर्ट किया गया है।


रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ