राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए आवेदन में सुस्ती, शिक्षा निदेशक ने डीएम व बीएसए को भेजा पत्र
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो |
लखनऊ/कुशीनगर। राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में अपेक्षित प्रगति न होने पर बेसिक शिक्षा विभाग ने चिंता जताई है। शिक्षा निदेशक (बेसिक) अनिल भूषण चतुर्वेदी ने सभी जिलाधिकारियों और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर पात्र एवं उत्कृष्ट शिक्षकों को अधिक से अधिक संख्या में आवेदन कराने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा निदेशक द्वारा 16 जून 2026 को जारी पत्र में बताया गया है कि राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन 7 जून से 30 जून 2026 तक आमंत्रित किए गए हैं। इसके बावजूद 16 जून तक पोर्टल पर आवेदन की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक कुल 126 आवेदन पंजीकृत हुए हैं, जबकि 9 आवेदन आंशिक रूप से भरे गए हैं। वहीं केवल 2 आवेदन ही अंतिम रूप से जमा किए गए हैं। ऐसे में विभाग ने आवेदन प्रक्रिया को लेकर गंभीरता दिखाते हुए सभी जिलों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराने पर जोर दिया है।
पत्र में कहा गया है कि परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में कार्यरत पात्र शिक्षकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि अधिकाधिक योग्य शिक्षक राज्य स्तर के इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर सकें।
शिक्षा निदेशक ने सभी संबंधित अधिकारियों से 30 जून 2026 तक अधिक से अधिक पात्र शिक्षकों के आवेदन सुनिश्चित कराने की अपेक्षा जताई है। विभाग का मानना है कि राज्य अध्यापक पुरस्कार उत्कृष्ट शिक्षकों के कार्यों को सम्मानित करने और शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR