12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा भव्य योग कार्यक्रम आयोजित

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा भव्य योग कार्यक्रम आयोजित

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कसया (कुशीनगर), 21 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महर्षि विद्यामंदिर, कसया के प्रांगण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, शिक्षकों तथा नगर के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय सह नगर संघचालक कसया नगर श्री रामदेनी सिंह ने की। योगाभ्यास का कुशल संचालन योग शिक्षक श्री अयोध्या प्रसाद पाण्डेय ने किया, जबकि कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सह जिला व्यवस्था प्रमुख कुशीनगर श्री पयोद कांत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन मंत्र "संगच्छध्वं संवदध्वं..." के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। इसके पश्चात ऊर्जीकरण एवं संधि संचालन कराया गया। योग शिक्षक के निर्देशन में ताड़ासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन तथा अर्धचक्रासन सहित खड़े होकर किए जाने वाले विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया।

इसके बाद भद्रासन, वज्रासन, शशकासन, उष्ट्रासन एवं मंडूकासन जैसे बैठकर किए जाने वाले आसनों का अभ्यास कराया गया। पेट के बल किए जाने वाले भुजंगासन एवं शलभासन तथा पीठ के बल किए जाने वाले उत्तानपादासन, अर्धहलासन, पवनमुक्तासन, सेतुबंधासन एवं शवासन का भी अभ्यास कराया गया। प्राणायाम सत्र में कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली तथा भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।

मुख्य वक्ता माननीय सह विभाग संघचालक देवरिया विभाग डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाता है तथा स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नगर कार्यवाह रवीन्द्र जी ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का परिचय कराया, जबकि अंत में भुवन कांत जी ने संघ प्रार्थना प्रस्तुत की। "सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः..." कल्याण मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर प्रांत व्यवस्था प्रमुख विनोद कांत जी, विभाग बौद्धिक शिक्षण प्रमुख सुरेश जी, जिला प्रचारक प्रवीण जी, जिला कार्यवाह शैलेश जी, नगर प्रचारक आलोक जी, सह नगर कार्यवाह बलराम जी, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अध्यक्ष अविनाश शुक्ला, अरुणेश मिश्र, अनिरुद्ध तिवारी, महर्षि विद्यामंदिर के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार मिश्र, रणजीत उपाध्याय सहित विद्यालय के आचार्यगण तथा बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

योग, अनुशासन एवं राष्ट्रभावना से ओत-प्रोत इस आयोजन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ, निरोग एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।



रिपोर्टर: के.एन. राय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ