चावल हड़पने का आरोप, विरोध करने पर ट्रैक्टर चढ़ाकर किया घायल

चावल हड़पने का आरोप, विरोध करने पर ट्रैक्टर चढ़ाकर किया घायल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
सपहा (कुशीनगर)। कसया थाना क्षेत्र के नौगावां गांव में मंगलवार सुबह एक मोबाइल राइस मिल संचालक पर धान कुटाई के दौरान चावल हड़पने और विरोध करने पर किसान को घायल करने का आरोप लगा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ट्रैक्टर और राइस मिल को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई है।
गांव निवासी हफीज अंसारी (40) पुत्र मुस्तकीम अंसारी ने बताया कि उन्होंने करीब आठ क्विंटल धान की कुटाई मोबाइल राइस मिल से कराई थी। कुटाई के बाद अपेक्षा से काफी कम चावल मिलने पर उन्हें संदेह हुआ। आरोप है कि जब उन्होंने राइस मिल संचालक से मशीन का चैंबर खोलकर दिखाने को कहा तो वह ट्रैक्टर लेकर वहां से भागने लगा।
हफीज अंसारी ने ट्रैक्टर रोकने का प्रयास किया तो उसका पहिया उनके पैर पर चढ़ गया, जिससे वह घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और ट्रैक्टर को रोक लिया। ग्रामीणों ने जब राइस मिल का चैंबर खुलवाकर देखा तो उसमें बड़ी मात्रा में चावल भरा मिला। इसी दौरान चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
ग्रामीणों अनवर अली, मुराद, सुलेमान, अकबर अली, अफजल, महेंद्र, दिनेश, आसीम अंसारी और मुस्ताक ने आरोप लगाया कि संबंधित राइस मिल संचालक पहले भी कई लोगों को कम चावल देता रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर समेत राइस मिल को थाने ले गई। मामले में जांच-पड़ताल की जा रही है।                 हल्का उपनिरीक्षक बरूणेश उपाध्याय ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



रिपोर्टर: के.एन. राय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ