विश्व पर्यावरण दिवस पर चला ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, जनप्रतिनिधियों व विद्यार्थियों ने किया वृक्षारोपण
टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों
हाटा,कुशीनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को हाटा विकासखंड स्थित ए.एन.वी.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मोतीपकड़ में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम नमामि गंगे जिला गंगा समिति कुशीनगर एवं सामाजिक वानिकी प्रभाग हाटा रेंज के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक मोहन वर्मा ने पौधारोपण कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदंबा सिंह ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं। पेड़ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव भी मजबूत करते हैं।
विद्यालय प्रबंधक संपूर्णानंद ने कहा कि विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देते हैं।
भाजपा जिला मंत्री ज्ञान विक्रम सिंह ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को प्रकृति के प्रति लोगों को जागरूक करने की प्रभावी पहल बताया।
क्षेत्रीय वनाधिकारी अमृता चंद ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सफल माना जाएगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित किया जाए।जिला परियोजना अधिकारी (नमामि गंगे) नम्रता भट्ट ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और जल संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा जनभागीदारी से ही ऐसे अभियानों को सफलता मिल सकती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा।
अंत में सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
रिपोर्टर: व्यूरों
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR