हाय रे बिजली! कब तक धोखा देती रहोगी?

हाय रे बिजली! कब तक धोखा देती रहोगी?
 *भीषण गर्मी में घंटों की कटौती से जनता बेहाल, बिजली विभाग के दावों पर उठ रहे सवाल* 
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। एक ओर आसमान से आग बरस रही है तो दूसरी ओर बिजली विभाग की अनियमित आपूर्ति ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आमजन त्रस्त हैं। दिन हो या रात, बिजली का आंख-मिचौली का खेल जारी है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
भीषण गर्मी के बीच कई इलाकों में 6 से 10 घंटे तक बिजली गुल रहने की शिकायतें सामने आ रही हैं। बिजली न रहने से घरों में लगे पंखे और कूलर शोपीस बन गए हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है तो बुजुर्ग और मरीज सबसे अधिक परेशान हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट भी गहराने लगा है, क्योंकि अधिकांश पानी की आपूर्ति विद्युत संचालित मोटरों पर निर्भर है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग द्वारा कटौती की कोई पूर्व सूचना नहीं दी जाती। अचानक बिजली गायब हो जाती है और घंटों तक आपूर्ति बहाल नहीं होती। सदर महराजगंज के उपभोक्ताओं का कहना है कि समय पर बिल जमा करने के बावजूद उन्हें बेहतर सुविधा नहीं मिल रही है।
व्यापारियों का कहना है कि बार-बार बिजली जाने से कारोबार प्रभावित हो रहा है। छोटे उद्योग और दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं किसानों ने भी सिंचाई कार्य प्रभावित होने की शिकायत की है।
जनता का सवाल है कि जब हर महीने बिजली बिल बढ़ रहा है तो फिर निर्बाध आपूर्ति क्यों नहीं मिल रही? लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बढ़े हुए लोड, तकनीकी खराबी और मरम्मत कार्यों के कारण कुछ स्थानों पर आपूर्ति बाधित हो रही है। विभाग ने जल्द स्थिति सामान्य होने की बात कहीं ।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ