देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए हर बच्चे को खुराक जरूरी : डॉ. शलभ मणि

देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए हर बच्चे को खुराक जरूरी : डॉ. शलभ मणि

सदर विधायक ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो | 

देवरिया | महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज (एमसीएच विंग) से रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अनिल कुमार गुप्ता एवं मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रजनी पटेल के साथ बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की।


अभियान के शुभारंभ अवसर पर सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो की खुराक पिलाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम की सराहना करते हुए कहा कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों तक भी अभियान की पहुंच सुनिश्चित की जाए, ताकि जन्म से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा 'दो बूंद जिंदगी की' से वंचित न रह जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को अभियान को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि जिले में इस अभियान के तहत पांच वर्ष तक की आयु के 5.68 लाख बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मेडिकल कॉलेज सहित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा बस स्टेशनों, प्रमुख चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर ट्रांजिट टीमें भी तैनात की गई हैं।

सीएमओ ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए उन्हें निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।


इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.के. सिन्हा, डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पांडेय, डॉ. कार्तिक पांडेय, डिप्टी डीआईओ डॉ. विपिन रंजन, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, जिला मलेरिया अधिकारी सुधाकर मणि, विश्वनाथ मल्ल तथा सहयोगी संस्थाओं सीफार (CFAR), जेएसआई (JSI), डब्ल्यूएचओ (WHO) और यूएनडीपी (UNDP) के जिला प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सीएमओ ने बरहज के पोलियो बूथ का किया निरीक्षण

अभियान के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बरहज क्षेत्र में स्थापित पोलियो बूथ का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ पर दवाओं के सुरक्षित रखरखाव, बच्चों को पिलाई जा रही पोलियो खुराक तथा अभियान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



रिपोर्टर: ब्यूरो 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ