घरेलू विवाद में नाबालिग बहन ने भाई पर कैंची से किया हमला, युवक गंभीर
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो |
महराजगंज | महराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र के मंगलपुर पटखौली गांव में रविवार को घरेलू विवाद के दौरान एक नाबालिग बहन द्वारा अपने भाई पर कैंची से हमला किए जाने का मामला सामने आया। हमले में 26 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलपुर पटखौली निवासी अखिलेश सिंह (26 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय जुगल किशोर, का अपनी नाबालिग सौतेली बहन से घरेलू विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान अखिलेश अपनी मां रिंकी देवी के साथ मारपीट कर रहा था। इसी बीच नाबालिग बहन अपनी मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची।
इस दौरान भाई-बहन के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि गुस्से में आकर नाबालिग बहन ने कैंची से अखिलेश के पेट पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही घुघली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घुघली पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जखीरा चौकी प्रभारी आशुतोष पाठक ने बताया कि घायल का उपचार जारी है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR