10 कुंतल लहन मौके पर नष्ट, फरेन्दा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप

10 कुंतल लहन मौके पर नष्ट, फरेन्दा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों 
महराजगंज। जनपद में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरेन्दा पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 लीटर कच्ची शराब बरामद की है। इस दौरान दो महिलाओं सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार लगभग 10 कुंतल लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी फरेन्दा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम भारी वैसी में अवैध रूप से कच्ची शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। साथ ही शराब निर्माण के लिए तैयार किया गया लगभग 10 कुंतल लहन भी मिला, जिसे नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में पुष्पा पुत्री बाबूराम निवासी मोतीगंज, निशा पत्नी रामबरन पटेल निवासी कटहिया तथा राजेश यादव पुत्र पांचू यादव निवासी सरपतहा पक्का कुआं, थाना कैम्पियरगंज जनपद गोरखपुर शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई के दौरान शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरण एवं अन्य सामग्री भी बरामद की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ