संसाधनों की कमी को लेकर पंचायत सहायकों का कार्य बहिष्कार, 15 जून को लखनऊ कूच का ऐलान

संसाधनों की कमी को लेकर पंचायत सहायकों का कार्य बहिष्कार, 15 जून को लखनऊ कूच का ऐलान

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो | कुशीनगर

पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन, उत्तर प्रदेश की जनपद शाखा कुशीनगर ने संसाधनों की कमी एवं विभिन्न मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। अपनी मांगों के समर्थन में सोमवार को सैकड़ों पंचायत सहायकों ने मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी को ज्ञापन सौंपा।

यूनियन के बैनर तले एकत्रित कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने हाथों में “कार्य बहिष्कार” एवं “संसाधन नहीं तो कार्य नहीं” लिखे बैनर लिए हुए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए।


यूनियन की प्रमुख मांगों में पंचायत सहायकों को न्यूनतम ₹20,000 मासिक मानदेय, सेवा नियमावली का गठन, विभागीय कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा मोबाइल आधारित कार्यों से मुक्ति शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि पर्याप्त संसाधन उपलब्ध न होने के कारण उन्होंने 1 जून 2026 से मोबाइल आधारित सभी कार्यों एवं ऑनलाइन उपस्थिति (हाजिरी) का बहिष्कार शुरू कर दिया है।


प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि यदि 15 जून 2026 तक सरकार द्वारा उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रदेशभर के पंचायत सहायक लखनऊ स्थित इको गार्डन में विशाल प्रदर्शन करेंगे।

यूनियन ने सरकार को 15 जून तक का अल्टीमेटम दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन और सरकार पंचायत सहायकों की मांगों पर क्या रुख अपनाते हैं।



रिपोर्टर: के.एन. राय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ