बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए गुणवत्ता सुधार के निर्देश
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो |
देवरिया।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग से संबंधित जिला टास्क फोर्स, शिक्षा समिति एवं प्रोजेक्ट अलंकार की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने जनपद स्तरीय अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने तथा छात्र-छात्राओं के नामांकन एवं उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य केवल औपचारिकता निभाना नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार लाना होना चाहिए।
उन्होंने शिक्षकों की डिजिटल उपस्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को इस विषय पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही नए शैक्षिक सत्र के प्रारंभ होने के अवसर पर विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन तथा पठन-पाठन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।जिलाधिकारी ने कायाकल्प योजना के अंतर्गत जिन विद्यालयों में कार्य अभी अधूरे हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों, एडीओ पंचायत एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर सभी विद्यालयों को निर्धारित 19 पैरामीटरों के अनुसार संतृप्त करने को कहा।
बैठक में प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत विद्यालयों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने एसआरजी (स्टेट रिसोर्स ग्रुप) एवं एआरपी (अकादमिक रिसोर्स पर्सन) को शिक्षकों का गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार लाना होना चाहिए। शिक्षकों को नवीन शिक्षण विधियों, तकनीकी संसाधनों एवं शैक्षिक नवाचारों से जोड़ते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर वृद्धि पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारीगण, जिला समन्वयक, एसआरजी, एआरपी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR