नव नियुक्त अधिवक्ताओं ने किया वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों |
देवरिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) प्रथम के नेतृत्व में गुरुवार को नव नियुक्त अधिवक्ताओं के एक दल ने वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य अधिवक्ताओं को वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली, महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं तथा परामर्श एवं पुनर्वास संबंधी सेवाओं से अवगत कराना था।
इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर की मनोवैज्ञानिक परामर्शदाता मीनू जायसवाल ने बताया कि केंद्र पर घरेलू हिंसा, उत्पीड़न एवं अन्य प्रकार की समस्याओं से पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं को मनोवैज्ञानिक परामर्श (काउंसलिंग) प्रदान किया जाता है। साथ ही उन्हें परिवार से पुनः जोड़ने, शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने तथा आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न प्रयास किए जाते हैं।वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक नीतू भारती ने केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, अस्थायी आवास, कानूनी सहायता, चिकित्सीय सहायता तथा परामर्श सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नव नियुक्त अधिवक्ताओं को केंद्र की कार्यप्रणाली एवं पीड़ित महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान अधिवक्ताओं ने वन स्टॉप सेंटर की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा केंद्र द्वारा संचालित सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं के संरक्षण और पुनर्वास के लिए केंद्र द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
रिपोर्टर: ब्यूरों
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR