नीट (यूजी)-2026 परीक्षा के दौरान डीएम व एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण

पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने रविवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त रूप से आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जवाहर नवोदय विद्यालय, मिल्की रसूलपुर, पडरौना तथा किसान इंटर कॉलेज, साखोपार, कसया पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर स्थापित निगरानी कक्षों का निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता एवं कार्यशीलता की जांच की तथा सुरक्षा और गोपनीयता संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अधिकारियों ने परीक्षा अवधि के दौरान सतर्कता बनाए रखने, अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं सजगता के साथ करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।

जनपद के कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित नीट (यूजी)-2026 परीक्षा के दौरान प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ