"योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ" थीम के साथ लगभग 5 हजार लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। विश्व धरोहर एवं भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को अंतरराष्ट्रीय पर्यटक केंद्र एवं महापरिनिर्वाण बुद्ध मंदिर परिसर में भव्य जनपदीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम "योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ (पृथ्वी एक, स्वास्थ्य एक)" रही, जिसके माध्यम से मानव स्वास्थ्य और पर्यावरणीय संतुलन के बीच गहरे संबंध को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नामित मुख्य अतिथि एवं भारतेन्दु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष डॉ. रतिशंकर त्रिपाठी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का वैश्विक उत्सव है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से विश्वभर में नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। आज विश्व के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग अपनाकर इसका लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि उन्हें भगवान बुद्ध से जुड़े पवित्र स्थलों की यात्रा का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। बोधगया, सारनाथ और अब कुशीनगर की यात्रा उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक रही है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की करुणा, शांति और आत्मानुशासन की शिक्षाएं तथा योग का संदेश मानवता को स्वस्थ, संतुलित और शांतिपूर्ण जीवन की दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने कुशीनगर की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए यहां के जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया तथा सभी के स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की। साथ ही लोगों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विशेषज्ञ योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास किया। इस दौरान कोलकाता से आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
योग दिवस कार्यक्रम में जनपद के नोडल अधिकारी, मंडलायुक्त, सांसद, विधायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 5 हजार लोगों ने सहभागिता कर योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सांसद विजय कुमार दुबे, विधायक पी.एन. पाठक, उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, परियोजना निदेशक पीयूष, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडेय, डीसी मनरेगा राकेश सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र एवं विश्व कल्याण की कामना के साथ किया गया।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

.jpeg)

.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR