मोहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील, डीएम-एसपी ने किया फ्लैग मार्च
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया।मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने मंगलवार को रुद्रपुर नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आमजन, धर्मगुरुओं तथा ताजियादारों से संवाद स्थापित करते हुए मोहर्रम पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग परंपरागत रूप से तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही पर्व मनाएं। ऐसा कोई कार्य न किया जाए, जिससे किसी व्यक्ति या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचे अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि जनपद प्रशासन मोहर्रम पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने की अपील की।पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि सभी लोग शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
फ्लैग मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक ए.के. पांडेय, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR