ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, पति ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप

ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, पति ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप



टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो |
कसया, कुशीनगर। 

कसया क्षेत्र की एक महिला की इलाज के दौरान हुई मौत को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। मृतका के पति ने कसया थाने में तहरीर देकर अस्पताल प्रबंधन एवं संबंधित कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कसया नगर के अंबेडकरनगर (भरौली) निवासी मो. तसलीम कांसार ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी नरगिस खातून को 1 जून 2026 को पित्त की थैली में पथरी के ऑपरेशन के लिए कसया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार अस्पताल कर्मियों ने पहले ऑपरेशन अगले दिन किए जाने की बात कही थी। आरोप है कि बाद में बिना स्पष्ट जानकारी दिए मरीज को ऑपरेशन थियेटर में ले जाया गया। कुछ समय बाद परिजनों को महिला की हालत गंभीर होने की सूचना दी गई और दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई।
पति का आरोप है कि जब वह पत्नी को लेकर अन्य चिकित्सा केंद्रों पर पहुंचे तो वहां चिकित्सकों ने महिला की स्थिति को गंभीर बताया। बाद में मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाने पर चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि ऑपरेशन और उपचार की प्रक्रिया को लेकर परिजनों को समुचित जानकारी नहीं दी गई तथा आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए। शिकायतकर्ता ने मामले में लापरवाही की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत सौंप दी गई है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही थी।
समाचार में लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र पर आधारित हैं। आरोपों की पुष्टि जांच और संबंधित पक्षों का बयान सामने आने के बाद ही हो सकेगी।



रिपोर्टर: के. एन. राय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ