गैस सिलेंडर के दामों में लगातार वृद्धि के विरोध में सपा का प्रदर्शन
गैस, डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से जनता परेशान : विजय रावत

टाइम्स ऑफ कुशीनगर | 

बरहज, देवरिया |

बुधवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सपा नेता विजय रावत के नेतृत्व में बरहज तहसील रोड पर घरेलू गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और महंगाई के मुद्दे पर विरोध जताया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सपा नेता विजय रावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को महंगाई की आग में झोंक दिया है। गैस सिलेंडर, डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने महंगाई कम करने का वादा कर सत्ता हासिल की थी, लेकिन सरकार बनने के बाद लगातार आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ते गए हैं।



विजय रावत ने कहा कि बढ़ती महंगाई से जनता परेशान है और अब वह समाजवादी पार्टी की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में विफल रही है।

इस अवसर पर सपा नेता विकास यादव, संजय निषाद, राहुल त्रिपाठी, आलोक तिवारी, वीरेंद्र यादव, इमाम अंसारी, भोलू गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



रिपोर्टर: पवन कुमार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook