29 वर्ष पुराना भूमि विवाद सुलह-समझौते से निस्तारित, किसानों ने शुरू की खेती
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कसया (कुशीनगर)। वर्ष 1997 से भूमि विवाद को लेकर न्यायालयों के चक्कर लगा रहे ग्राम बतरडेरा निवासी सत्य प्रकाश यादव को आखिरकार राहत मिल गई। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर उपजिलाधिकारी कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल ने राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों की सहमति से विवाद का समाधान करा दिया।
ग्राम बतरडेरा निवासी सत्य प्रकाश पुत्र वीरझन यादव ने जिलाधिकारी के जनता दर्शन में पहुंचकर बताया कि वह वर्ष 1997 से गाटा संख्या 223, रकबा लगभग 11.30 एकड़ भूमि के विवाद में न्यायालयों के चक्कर लगा रहा है। उसने पूरे मामले की जानकारी जिलाधिकारी को दी। सुनवाई के बाद जिलाधिकारी ने एसडीएम कसया को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निर्देश के अनुपालन में एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल राजस्व निरीक्षक मारकंडेय, लेखपाल सुरेश गुप्ता तथा राजस्व टीम के साथ गांव पहुंचे। मौके पर पाया गया कि विवादित भूमि पर वर्षों से खेती नहीं हो रही थी तथा चार पक्षों—जीतबली यादव, राजेंद्र यादव, रामदेव यादव और वीरझन यादव के परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। भूमि पर सिविल कोर्ट का स्थगन आदेश भी प्रभावी था।
एसडीएम ने सभी पक्षों की समस्याएं सुनीं। दो पक्षकारों की मृत्यु हो चुकी थी, जिनकी ओर से उनके पुत्र उपस्थित हुए। आपसी बातचीत और समझौते के बाद सभी पक्षों ने सहमति जताई, जिसके आधार पर विवाद का निस्तारण करा दिया गया।
समझौते के बाद सभी पक्षों ने खुशी-खुशी अपने खेतों की जुताई शुरू करा दी। करीब 29 वर्षों से चले आ रहे भूमि विवाद के समाप्त होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
इस दौरान एसडीएम ने पक्षकारों से कहा कि अब कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने और मुकदमेबाजी में खर्च होने वाला धन अपने बच्चों की शिक्षा और परिवार के विकास पर खर्च करें। मौके पर गांव के बुजुर्ग एवं गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
रिपोर्टर: के एन राय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR