राहुल गांधी युगदृष्टा और जन-जन की आवाज : अजय राय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कसया/लखनऊ। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का जन्मदिन शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय पर उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदेश भर से पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कुशीनगर से जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष वृंदा प्रजापति के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समारोह में सहभागिता की।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने राहुल गांधी को जन-जन की आवाज और युगदृष्टा बताते हुए कहा कि उन्होंने सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी ने निर्भीकता के साथ केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं और देश के आम नागरिकों की समस्याओं को प्रमुखता से सामने रखा है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता की राजनीति के पक्षधर हैं तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। आने वाले समय में जनता कांग्रेस की विचारधारा को और मजबूती से स्वीकार करेगी।
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शहला अहरारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमित मिश्रा, कसया नगर अध्यक्ष सीमा भारती, प्रदेश सचिव कत्यायनी मिश्रा, शकीना, जिला उपाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जन्मदिन समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर: के एन राय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
.jpeg)

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR