कुशीनगर में दो दिवसीय संत निरंकारी सेवा दल अधिकारी प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। संत निरंकारी सत्संग भवन, कुशीनगर में 20 एवं 21 जून को आयोजित दो दिवसीय संत निरंकारी सेवा दल अधिकारी प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन सेवा दल के केंद्रीय अधिकारी उपमुख्य संचालक (फील्ड एवं हेडक्वार्टर) शुभ करण तथा उपमुख्य संचालक (फील्ड एवं प्रशिक्षण) ललित दलवी की अध्यक्षता में किया गया।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान संत निरंकारी सेवा दल के केंद्रीय अधिकारियों ने स्थानीय सेवा दल अधिकारियों एवं सक्रिय स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के सेवा दल के प्रति विश्वास और अपेक्षाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सेवा दल के अधिकारियों को संगठनात्मक कार्यों, अनुशासन, सेवा भावना, आपदा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा सत्संग एवं समागमों में बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रशिक्षित करना है।
अधिकारियों ने बैठक व्यवस्था, लंगर प्रसाद वितरण, सुरक्षा प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के संचालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेवा दल की मर्यादाओं, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा गया कि सेवा दल का मूल उद्देश्य मानवता की निस्वार्थ सेवा करना तथा प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि सेवा दल केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि वृक्षारोपण, रक्तदान, ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत जलस्रोतों की सफाई, स्वच्छता अभियान और अन्य सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से विभिन्न सेवा गतिविधियों का प्रदर्शन किया तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
शिविर में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सेवा, समर्पण और अनुशासन की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर स्थानीय व्यवस्थापक एवं जोनल इंचार्ज कमलेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की कृपा से सेवा दल के सदस्य हर स्थान पर सेवाभाव के साथ संगतों की व्यवस्था में योगदान दे रहे हैं। प्रशिक्षण शिविर में जोन-62 कुशीनगर के अंतर्गत गोरखपुर, देवरिया और बस्ती क्षेत्र के सभी प्रमुख अधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: के एन राय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR