प्रभारी मंत्री के आगमन पर सपा का जोरदार प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पर दिया धरना

कुशीनगर में प्रभारी मंत्री के आगमन पर सपा का जोरदार प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पर दिया धरना

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो 

कुशीनगर। जनपद के प्रभारी मंत्री के आगमन के अवसर पर सोमवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष रामअवध यादव ने किया, जबकि बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धरना-प्रदर्शन में कुशीनगर विधानसभा 333 के पूर्व प्रत्याशी एवं वरिष्ठ सपा नेता राजेश प्रताप बंटी राव अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए। सपा नेताओं ने प्रदेश सरकार पर किसानों, युवाओं, बेरोजगारों, व्यापारियों तथा आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, बिजली संकट, भ्रष्टाचार तथा किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार की नीतियों से परेशान है और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।
धरना-प्रदर्शन के बाद सपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा और विभिन्न मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रदर्शन को लेकर जिला मुख्यालय पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही।

रिपोर्टर: ब्यूरो 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ