कुशीनगर में तैयार हुआ भव्य बुद्ध थीम पार्क, जल्द होगा लोकार्पण

कुशीनगर में तैयार हुआ भव्य बुद्ध थीम पार्क, जल्द होगा लोकार्पण

11.32 करोड़ रुपये की लागत से विकसित पार्क, आध्यात्मिक पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
लखनऊ/कुशीनगर। उत्तर प्रदेश को वैश्विक बौद्ध पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना बुद्ध थीम पार्क का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) द्वारा कुशीनगर स्थित गौतम बुद्ध संग्रहालय के निकट लगभग 11.32 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह पार्क जल्द ही आम जनता और पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।


आधुनिक तकनीक, आध्यात्मिक अनुभव और बौद्ध विरासत के समन्वय से तैयार यह थीम पार्क देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को भगवान बुद्ध के जीवन, दर्शन और करुणा के संदेश से जोड़ने का अनूठा अनुभव प्रदान करेगा।

इंटरएक्टिव गैलरियों के माध्यम से मिलेगा बुद्ध दर्शन

बुद्ध थीम पार्क को केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि बौद्ध ज्ञान एवं आध्यात्मिकता के अनुभव केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां इंटरएक्टिव स्टोरीटेलिंग, हेरिटेज इंटरप्रिटेशन और आधुनिक डिजिटल तकनीकों के माध्यम से भगवान बुद्ध के जीवन की प्रमुख घटनाओं एवं उनकी शिक्षाओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इसका उद्देश्य आगंतुकों को केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और आंतरिक जागृति का अनुभव कराना भी है।

बोधि वृक्ष, स्तूप और 3डी गैलरियां होंगी मुख्य आकर्षण

पार्क का प्रमुख आकर्षण बोधि वृक्ष होगा, जहां संवादात्मक शैली में भगवान बुद्ध के ज्ञान, करुणा और जीवन मूल्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा तिब्बती शैली के स्तूप, प्रार्थना चक्र (प्रेयर व्हील), मूर्तिकला स्थापनाएं और अनुभवात्मक प्रदर्शनियां बौद्ध संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं से परिचित कराएंगी।

यहां स्थापित आठ तथागत स्तूप भगवान बुद्ध के जीवन की आठ प्रमुख घटनाओं का प्रतीक होंगे। वहीं अत्याधुनिक 3डी झांकियां और डिजिटल गैलरियां बुद्ध के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगी। विशेष रूप से विकसित ट्रेवलॉग इंस्टॉलेशन बुद्ध की पवित्र यात्रा को क्रमबद्ध तरीके से प्रदर्शित करेगा। इसके साथ ही भूमिस्पर्श, ध्यान, अभय और धर्मचक्र सहित बुद्ध की आठ विशाल मुद्राएं भी पार्क का विशेष आकर्षण होंगी।

लाइट एंड साउंड शो बनेगा आकर्षण का केंद्र

पर्यटकों को विशेष अनुभव देने के लिए पार्क में अत्याधुनिक ऑडियो-विजुअल तकनीक का उपयोग किया गया है। यहां 40 फीट ऊंची बुद्ध वॉल पर भव्य लाइट एंड साउंड शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें कला, तकनीक और कहानी कहने की आधुनिक शैली के माध्यम से भगवान बुद्ध के जीवन और उनके संदेशों को प्रस्तुत किया जाएगा।

इसके अलावा पार्क का भव्य प्रवेश द्वार प्राचीन बौद्ध तोरण शैली से प्रेरित है, जिस पर उत्कृष्ट नक्काशी और प्रतीकात्मक कलाकृतियां उकेरी गई हैं। पार्क में बुद्ध जीवन दीर्घाएं, भित्ति चित्र, सांस्कृतिक थीम पर आधारित बच्चों का खेल क्षेत्र तथा स्मारिका केंद्र भी विकसित किया गया है, जहां बौद्ध हस्तशिल्प एवं स्थानीय कारीगरों के उत्पाद उपलब्ध होंगे।

बौद्ध पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि बुद्ध थीम पार्क का निर्माण कुशीनगर में बौद्ध पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना आध्यात्मिकता, कला, संस्कृति और आधुनिक तकनीक का उत्कृष्ट संगम है, जो देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भगवान बुद्ध के जीवन और उनके विचारों से गहराई से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगी।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश के बौद्ध सर्किट में लगभग 82 लाख पर्यटक पहुंचे, जिनमें 4.4 लाख से अधिक विदेशी पर्यटक शामिल थे। ऐसे में यह नया बुद्ध थीम पार्क कुशीनगर की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगा तथा उत्तर प्रदेश को विश्वस्तरीय बौद्ध पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ