सड़क पर धान की रोपाई कर ग्रामीणों ने जताया विरोध, सिंघन जोड़ी गांव की बदहाल सड़क का वीडियो वायरल
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। बरसात शुरू होते ही सड़क गहरे गड्ढों और जलभराव में तब्दील हो जाती है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। बच्चों को स्कूल आने-जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने तथा किसानों को खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क के निर्माण एवं मरम्मत की मांग को लेकर कई बार संबंधित विभाग तथा जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। लगातार उपेक्षा से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने के लिए सड़क पर धान की रोपाई कर प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के दिनों में आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है। उनका कहना है कि विकास के दावों के बीच गांव की यह बदहाल सड़क जमीनी हकीकत को उजागर कर रही है।
सड़क पर धान की रोपाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। हालांकि, टाइम्स ऑफ कुशीनगर इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता। अब लोगों की निगाहें जिला प्रशासन और संबंधित विभाग पर टिकी हैं कि वे इस मामले का संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत एवं निर्माण के लिए कब तक ठोस कदम उठाते हैं।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR