विकास कार्यों की समीक्षा में कृषि मंत्री ने दिए आवश्यक निर्देश

विकास कार्यों की समीक्षा में कृषि मंत्री ने दिए आवश्यक निर्देश

विद्युत, सिंचाई और कृषि विभाग समयबद्ध ढंग से करें कार्य : कृषि मंत्री

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया । कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सोमवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए कृषि, पशुपालन, उद्यान, नलकूप, विद्युत एवं सिंचाई विभाग अपने-अपने कार्यों का समयबद्ध एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें।

बैठक में कृषि मंत्री ने निर्देश दिया कि कम वर्षा में होने वाली फसलों को बढ़ावा देने के लिए किसानों को जागरूक किया जाए तथा विभागीय स्तर पर समय से गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने सभी सरकारी नलकूपों को शत-प्रतिशत क्रियाशील रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा इसकी जानकारी समाचार पत्रों के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाई जाए। विद्युत संबंधी खराबियों का तत्काल निस्तारण किया जाए। विकास खंड गौरीबाजार में विद्युत आपूर्ति से संबंधित अधिक शिकायतें प्राप्त होने पर अधीक्षण अभियंता को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कृषि मंत्री ने सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि नहरों में टेल तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके।

उन्होंने निराश्रित गो-आश्रय स्थलों में पशुओं को गर्मी से बचाने के लिए आवश्यक प्रबंध करने पर जोर देते हुए भूसा, हरा चारा और स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पशुपालकों को भी गर्मी से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने को कहा।


बैठक में नवनिर्मित सड़कों के किनारे वृक्षारोपण कराने तथा सभी अधूरे विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।

जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि अमृत सरोवरों सहित गांवों के अन्य तालाबों और पोखरों की नियमित साफ-सफाई कराई जाए। साथ ही गांवों का गंदा पानी तालाबों में जाने से रोकने के प्रभावी उपाय किए जाएं, जिससे पशुओं को स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ