आईजीआरएस प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में लापरवाही पर ईओ नगर पालिका को चेतावनी

आईजीआरएस प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में लापरवाही पर ईओ नगर पालिका को चेतावनी

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के संतोषजनक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में लापरवाही बरतने पर नगर पालिका परिषद देवरिया के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद देवरिया से संबंधित पांच शिकायतें आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराई गई थीं। नगर पालिका द्वारा इन प्रकरणों के निस्तारण की आख्या पोर्टल पर अपलोड कर दी गई थी, लेकिन शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक तथा निस्तारण की समीक्षा में कमियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर गुणवत्तापूर्ण एवं तथ्यपरक होना चाहिए, ताकि शिकायतकर्ताओं को वास्तविक राहत मिल सके।

आईजीआरएस पर दर्ज शिकायतों में रामनाथ, देवरिया निवासी बृजेश कुमार सिंह द्वारा सड़क एवं सीढ़ी पर हुए अतिक्रमण को हटाने, कठिनइया निवासी मनीष देव द्वारा संजीवनी हॉस्पिटल के सामने जलभराव की समस्या के समाधान एवं सड़क ऊंची कराने, पिंडरा नगर बाहर निवासी रमन सिंह द्वारा सड़क से अतिक्रमण हटवाने, चकिया श्री मंगलमपुरम निवासी सुजीत तिवारी द्वारा सड़क पर मिट्टी कार्य कराने तथा तहसील रोड निवासी मनीष कुमार पांडेय द्वारा नगर पालिका के अभिलेखों में नाम दर्ज कराने संबंधी शिकायतें शामिल थीं।

इन सभी मामलों में संतोषजनक फीडबैक प्राप्त न होने पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद देवरिया को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कार्यप्रणाली में सुधार लाने और शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ