ट्रांसफार्मर दुर्घटना के पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा जिला प्रशासन, लापरवाही पर अवर अभियंता निलंबित

ट्रांसफार्मर दुर्घटना के पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा जिला प्रशासन, लापरवाही पर अवर अभियंता निलंबित

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

पडरौना, कुशीनगर। विकासखंड पडरौना के ग्राम कोहड़ा में ट्रांसफार्मर फटने से हुई दुर्घटना में घायल लोगों को जिला प्रशासन द्वारा तत्काल राहत एवं उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा एवं क्षेत्राधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।


अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने बताया कि प्रभावित परिवारों को शासन की मंशा के अनुरूप हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है। साथ ही रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में भर्ती घायलों के उपचार एवं स्वास्थ्य स्थिति की जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार ग्राम कोहड़ा निवासी उपेंद्र तिवारी एवं अन्य ग्रामीणों ने जनसुनवाई एवं जनता दर्शन कार्यक्रम में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव में सड़क किनारे स्थापित एक जर्जर ट्रांसफार्मर की खराब स्थिति की सूचना विगत चार माह से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगातार दी जा रही थी। बावजूद इसके समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों के अनुसार 22 जून 2026 को प्रातः लगभग 9:30 बजे ट्रांसफार्मर अचानक फट गया, जिससे समीप स्थित एक मकान में आग लग गई। इस हादसे में चार लोग झुलस गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल कुशीनगर राकेश मोहन ने प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कुबेरस्थान से संबद्ध अवर अभियंता अरविंद मणि त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निलंबन आदेश के अनुसार अरविंद मणि त्रिपाठी को निलंबन अवधि के दौरान विद्युत वितरण खंड कसया कार्यालय से संबद्ध किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

इसके अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता ने अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड पडरौना को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।

विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

दुर्घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासन और विद्युत विभाग राहत एवं जांच कार्यों में जुटे हुए हैं।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ