कोप जंगल गौ संरक्षण केंद्र पहुंचे जिलाधिकारी, व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
सुरक्षा, पेयजल, सीसीटीवी और हरे चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर दिया जोर
टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरो,
कुशीनगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को खड्डा तहसील अंतर्गत कोप जंगल स्थित गौ संरक्षण केंद्र का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौवंशों की देखभाल, सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गौवंशों की बढ़ती संख्या को देखते हुए केंद्र के विस्तार के लिए तीन चरणों में अतिरिक्त निर्माण कार्य की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पशुओं के बेहतर संरक्षण और सुविधाओं के लिए संरचनात्मक विकास आवश्यक है।निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र को हैंडओवर किए जाने से पूर्व पेयजल, विद्युत प्रकाश व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता और कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त होने के बाद ही केंद्र के हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाए।जिलाधिकारी ने गौ आश्रय स्थल पर कार्यरत कर्मचारियों के मानदेय से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की तथा समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को समय पर मानदेय मिलने से व्यवस्थाओं के संचालन में और अधिक प्रभावशीलता आएगी।
पशुओं के आहार प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी ने हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा बड़े पैमाने पर नेपियर घास की बुवाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे गौवंशों को नियमित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने पशुओं के लिए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी वर्षा ऋतु में लगभग पांच हजार पौधों के वृक्षारोपण के लिए भूमि चिन्हित करने को भी कहा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ गौ संरक्षण केंद्र का वातावरण भी बेहतर बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने संयुक्त रूप से वृक्षारोपण किया तथा गौवंशों को गुड़ और चना खिलाकर उनके संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी खड्डा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: व्यूरो।
टाइम्स ऑफ कुशीनगर




0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR