बाढ़ तैयारियों का जायजा लेने छितौनी तटबंध पहुंचे डीएम व एसपी
सुरक्षा कार्यों में लापरवाही पर दी कड़ी चेतावनी, 20 जून तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश
टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरो
कुशीनगर। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को खड्डा तहसील क्षेत्र स्थित छितौनी तटबंध का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं एवं चल रहे कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तटबंध क्षेत्र में स्थित ठोकर संख्या 8.650 एवं 12.700 (वीरभार) पर संचालित मरम्मत, सुदृढ़ीकरण तथा कटान-रोधी कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य 20 जून तक हर हाल में पूर्ण करा लिए जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि तटबंध के संवेदनशील और कटान प्रभावित स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा सभी सुरक्षात्मक कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर परिणाम उत्पन्न कर सकती है, इसलिए सभी विभाग पूर्ण जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करें।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ चौकियों की स्थापना, राहत एवं बचाव सामग्री की उपलब्धता, नावों की व्यवस्था तथा आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए की गई तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों को पहले से उपलब्ध एवं क्रियाशील रखा जाए।
संबंधित अधिकारियों ने जिलाधिकारी को तटबंध की वर्तमान स्थिति तथा चल रहे सुरक्षा कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि रैट होल तथा तटबंध पर किए जा रहे रेंकट सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग नियमित निगरानी सुनिश्चित करें और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन संभावित बाढ़ की चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागों को सतर्कता बढ़ाने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता महेश कुमार सिंह, उपखंड अधिकारी (एसडीओ) मनोरंजन कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी खड्डा, सिंचाई विभाग तथा तहसील प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: व्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

.jpeg)
.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR