अवैध खनन पर चला कोल्हुई पुलिस का हंटर, मिट्टी लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज

अवैध खनन पर चला कोल्हुई पुलिस का हंटर, मिट्टी लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज

वैध अभिलेख न मिलने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई

टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरो।

घुघली/महराजगंज। जनपद में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोल्हुई पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए मिट्टी लदे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी फरेंदा के नेतृत्व में जनपद भर में अवैध खनन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को थाना कोल्हुई पुलिस क्षेत्र में गश्त एवं वाहन चेकिंग कर रही थी।

थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह के निर्देशन में भ्रमण के दौरान पुलिस टीम को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मिट्टी लादकर जाते हुए दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक से वाहन के वैध अभिलेख एवं खनन संबंधी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा।

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान चालक घबरा गया और ट्रॉली में लदी मिट्टी गिराकर मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस कर्मियों ने उसे रोक लिया। पूछताछ एवं जांच के दौरान चालक वाहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

आवश्यक अभिलेखों के अभाव में पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर थाना कोल्हुई में दाखिल कर दिया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मुक्तिनाथ यादव, कांस्टेबल हरि प्रताप यादव तथा कांस्टेबल हरिकेश चंद शामिल रहे।




रिपोर्टर: सतीश कुमार श्रीवास्तव

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ