संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, चार अधिकारियों को नोटिस

संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, चार अधिकारियों को नोटिस

अविवादित वरासत प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश, राजस्व एवं पुलिस विभाग को समन्वय से कार्य करने की हिदायत

टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरो।

बरहज/देवरिया। तहसील बरहज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

समाधान दिवस में अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण), अधिशासी अभियंता जल निगम (शहरी), अधिशासी अभियंता नलकूप तथा क्षेत्रीय विपणन अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय से उपस्थित रहने तथा प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने की हिदायत दी।

जिलाधिकारी ने तहसील क्षेत्र में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति (वीएचएसएनसी) सत्रों तथा सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को चेकलिस्ट के साथ भेजते हुए सायंकाल तक आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान उन्होंने लेखपालों, कानूनगो एवं पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अविवादित वरासत के लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया। साथ ही धारा 24 एवं धारा 116 के पुराने प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में ग्राम खुदिया बुजुर्ग निवासी रामदुलारे सिंह ने पोखरी पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित पत्रावली तलब कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं बरहज निवासी जगदीश प्रसाद जायसवाल की विद्युत समस्या के समाधान के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया गया।

ग्राम खोरी निवासी असमीना खातून ने पति-पत्नी दोनों के दिव्यांग होने तथा आर्थिक तंगी की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर जिलाधिकारी ने उन्हें अंत्योदय राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं दिव्यांग पेंशन का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

तहसील बरहज में आयोजित समाधान दिवस में कुल 151 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 27 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 76 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे, जिनमें से 21 का निस्तारण किया गया। इसके अलावा पुलिस विभाग के 20, विकास विभाग के 8, खाद्य एवं रसद विभाग के 7 (जिनमें 6 का निस्तारण हुआ), समाज कल्याण विभाग के 3 तथा अन्य विभागों के 37 मामले प्राप्त हुए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने तहसील परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने की। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

तीन पात्र व्यक्तियों के मौके पर बने राशन कार्ड

समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी के निर्देश पर तीन पात्र व्यक्तियों के राशन कार्ड मौके पर ही बनाए गए। ग्राम बड़कागांव निवासी मनीषा देवी, बेलदार निवासी ब्यूटी सिंह तथा ग्राम खोरी निवासी असमीना खातून को तत्काल राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया। लाभार्थियों ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, उप जिलाधिकारी बरहज हरिशंकर लाल, तहसीलदार, जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार पांडेय, जिला विकास अधिकारी, राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, थानाध्यक्ष एवं खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: पवन कुमार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ