खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु विशेष जांच अभियान संचालित

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु विशेष जांच अभियान संचालित जनपद में मसाला आधारित विशेष अभियान के तहत 8 नमूने लिए गए, जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए

टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। प्रदेश में जनस्वास्थ्य की सुरक्षा तथा आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जनपद कुशीनगर में दिनांक 11 एवं 12 जून, 2026 को मसाला आधारित विशेष प्रवर्तन एवं छापामार अभियान संचालित किया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के निर्देशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री योगेश कुमार राय के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, हल्दी साबुत एवं सब्जी मसाला सहित कुल 8 खाद्य नमूने संग्रहित किए गए।
यह कार्रवाई पडरौना, रामकोला, हाटा, कसया, दुदही एवं विशुनपुरा क्षेत्र स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर की गई। संग्रहित सभी नमूनों को विशेष वाहक के माध्यम से खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है, जहां उनकी गुणवत्ता एवं मानकों की जांच की जाएगी।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि किसी नमूने में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं गुणवत्ता संबंधी अनियमितताओं के विरुद्ध विभाग की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल वर्मा, राम बुझावन चौहान, विजय कुमार यादव, धर्मराज शुक्ल एवं सुश्री रंजनी मौर्या सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे केवल मानक एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों का ही उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना विभाग को उपलब्ध कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ