जमीन विवाद में बेटे पर जानलेवा हमले का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

जमीन विवाद में बेटे पर जानलेवा हमले का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज।
घुघली थाना क्षेत्र के मेदनीपुर टोला सोनारी पट्टी निवासी हरिनारायण शर्मा ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने अपने पुत्र पर जमीन विवाद को लेकर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है।

पीड़ित हरिनारायण शर्मा के अनुसार, 15 जून की रात उनके पुत्र नरसिंह ने लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में भर्ती कराया गया।

हरिनारायण शर्मा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि घुघली थाने में दर्ज मुकदमे में घटना की गंभीरता के अनुरूप धाराएं नहीं लगाई गईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विवेचक आरोपी के प्रभाव में आकर जानबूझकर विवेचना में देरी कर रहे हैं।

पीड़ित का कहना है कि पुलिस की नरमी के कारण आरोपी का मनोबल बढ़ा हुआ है और उन्हें लगातार अपनी जान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने मामले में उचित धाराएं बढ़ाकर निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है तथा थाना प्रभारी घुघली को जांच के निर्देश दिए हैं।

इस संबंध में थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना के दौरान जो भी साक्ष्य प्राप्त होंगे, उनके आधार पर धाराओं की बढ़ोतरी सहित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ