गीदहा धनहा में सरपत के बीच मिला युवक का नर कंकाल, चप्पल और गमछे से हुई पहचान
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को ग्रामवासियों ने सूचना दी कि गीदहा धनहा स्थित साधु शाही भट्टे के सामने सड़क किनारे सरपत (झंकार) में एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि शव योगेश कुमार पुत्र राम प्यारे, निवासी गीदहा धनहा, थाना हाटा का है। शव अत्यधिक सड़-गल जाने के कारण केवल नर कंकाल (हड्डियों) के रूप में मिला।
मृतक की पहचान उसके चप्पल और गमछे के आधार पर परिजनों द्वारा की गई। पुलिस ने हड्डियों के अवशेषों को पोस्टमार्टम किट में सुरक्षित रखकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस रविंद्र नगर भेज दिया।
बताया गया कि मृतक के पिता राम प्यारे पुत्र राम स्वरूप ने 22 जून 2026 को थाना हाटा में लिखित तहरीर देकर सूचना दी थी कि उनका पुत्र योगेश कुमार 17 जून से घर से लापता है। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका था। इस आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR