जमीन विवाद में हथौड़ी से हमला, पीड़ित ने घुघली थाने में दी तहरीर
टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों
घुघली, महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि जमीन के विवाद में उस पर लाठी-डंडों और हथौड़ी से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया। मामले में घुघली थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
पीड़ित राजेश पुत्र मोलई ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके पिता ने गांव के ही एक व्यक्ति से जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। आरोप है कि उसी समय दो डिसमिल अतिरिक्त जमीन देने के नाम पर 70 हजार रुपये भी लिए गए थे, लेकिन बाद में न तो अतिरिक्त जमीन का बैनामा किया गया और न ही रकम वापस की गई।
राजेश के अनुसार, जब वह जमीन संबंधी मामले में बातचीत करने संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचा तो वहां मौजूद लोगों ने परिजनों के साथ मिलकर उस पर लाठी-डंडों और हथौड़ी से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गया। पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।घटना के बाद पीड़ित ने घुघली थाने पहुंचकर तहरीर दी और आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।इस संबंध में सूरज कुमार ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR