मुख्यमंत्री ने 424.41 करोड़ रुपये की 278 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास
उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है तथा निवेश एवं रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं
प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि बिना भेदभाव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे
निर्माणाधीन महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय किसानों, कृषि वैज्ञानिकों एवं युवाओं के लिए आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार का केंद्र बनेगा
कुशीनगर को विकास, कृषि शिक्षा, पर्यटन और रोजगार का नया केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम
महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय तथा कृषि महाविद्यालय की सौगात से पूर्वांचल को मिलेगी नई पहचान
क्षेत्र के विकास, सुशासन और रोजगार को नई गति देंगी सरकार की योजनाएं : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
कुशीनगर।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद कुशीनगर के विधानसभा क्षेत्र तमकुहीराज एवं फाजिलनगर में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान 424.41 करोड़ रुपये की लागत से तैयार एवं प्रस्तावित 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 91 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 187 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। सरकार की योजनाएं गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिला एवं वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। बेहतर आधारभूत संरचना, सुदृढ़ सड़क संपर्क, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं तथा रोजगार के अवसर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का माध्यम बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर प्रकृति एवं अध्यात्म की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण जनपद है। यह भगवान श्रीराम के पुत्र कुश द्वारा बसाई गई प्राचीन कुशावती नगरी है तथा भगवान बुद्ध ने इसे अपनी महापरिनिर्वाण स्थली के रूप में चुना था। उन्होंने कहा कि पूर्व में तकनीक एवं आधुनिक कृषि ज्ञान के अभाव में क्षेत्र के युवाओं को रोजगार की तलाश में पलायन करना पड़ता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार आधुनिक तकनीक, शिक्षा और आधारभूत विकास के माध्यम से इस स्थिति को बदल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है तथा निवेश एवं रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। सरकार की प्राथमिकता बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि जनपद में निर्माणाधीन महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय किसानों, कृषि वैज्ञानिकों एवं युवाओं के लिए आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी मिलेगी और उनकी आय में वृद्धि होगी। साथ ही क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं किसानों को विशेष लाभ प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकारों में पूर्वांचल एवं कुशीनगर की उपेक्षा की जाती थी, जबकि वर्तमान सरकार ने क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता दी है। आज कुशीनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा संचालित हो रहा है, मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जा चुका है तथा लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से कृषि विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि जनपद के लगभग 9 लाख नागरिक आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। किसानों को किसान सम्मान निधि प्रदान की जा रही है तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में हजारों पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजनाओं के अंतर्गत पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि मुसहर एवं वंचित वर्गों के लिए आवास योजनाओं के अंतर्गत जनपद में लगभग 90 हजार आवासों का निर्माण कराया गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जब जनता एक संवेदनशील एवं विकासोन्मुख सरकार का चयन करती है, तब वह सरकार लोककल्याण, रोजगार सृजन, किसानों की समृद्धि तथा जनता की आस्था के सम्मान के लिए निरंतर कार्य करती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में कुशीनगर शिक्षा, कृषि, पर्यटन एवं रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का अवलोकन किया तथा लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्रतीकात्मक रूप से प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र एवं अन्य सहायता सामग्री वितरित की।
विकास परियोजनाओं का विवरण
विधानसभा तमकुहीराज
लोकार्पण परियोजनाएं – 20
लागत – 178.85 करोड़ रुपये
शिलान्यास परियोजनाएं – 76
लागत – 117.92 करोड़ रुपये
नगर पंचायत तमकुहीराज
लोकार्पण परियोजनाएं – 05
लागत – 6.36 करोड़ रुपये
नगर पंचायत सेवरही
लोकार्पण परियोजनाएं – 10
लागत – 19.08 करोड़ रुपये
शिलान्यास परियोजनाएं – 14
लागत – 28.79 करोड़ रुपये
विधानसभा फाजिलनगर
लोकार्पण परियोजनाएं – 28
लागत – 12.73 करोड़ रुपये
शिलान्यास परियोजनाएं – 43
लागत – 46.34 करोड़ रुपये
नगर पंचायत फाजिलनगर
शिलान्यास परियोजनाएं – 24
लागत – 5.27 करोड़ रुपये
नगर पंचायत दुदही
लोकार्पण परियोजनाएं – 28
लागत – 5.82 करोड़ रुपये
शिलान्यास परियोजनाएं – 24
- लागत – 200.79 करोड़ रुपये
कुल परियोजनाएं
लोकार्पण – 91 परियोजनाएं
शिलान्यास – 187 परियोजनाएं
कुल परियोजनाएं – 278
कुल लागत – 424.41 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराया जाए ताकि जनता को उनका लाभ शीघ्र प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की यह श्रृंखला निरंतर जारी रहेगी और प्रदेश सरकार कुशीनगर को विकास की मुख्यधारा में अग्रणी स्थान दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर जनपद के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला, देवरिया-कुशीनगर (आंशिक) के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, तमकुहीराज के विधायक डॉ. असीम कुमार राय, कुशीनगर के विधायक पी.एन. पाठक, फाजिलनगर के विधायक सुरेन्द्र कुमार कुशवाहा, पडरौना के विधायक मनीष जायसवाल, खड्डा के विधायक विवेकानंद पांडेय, हाटा के विधायक मोहन वर्मा, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राजेश्वर सिंह, बाल्टी बाबा, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष सावित्री जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR