गन्ना किसानों को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान
जुलाई के दूसरे सप्ताह में सहकारी गन्ना विकास समितियों में होंगे जागरूकता एवं नामांकन कार्यक्रम
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा एवं शासन के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग द्वारा गन्ना किसानों एवं उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के लिए जुलाई 2026 के दूसरे सप्ताह में प्रदेश की सभी सहकारी गन्ना विकास समितियों में विशेष जागरूकता एवं नामांकन अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य किसानों को सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक संरक्षण एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।जिला गन्ना अधिकारी हूदा सिद्दीकी ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक गन्ना कृषकों एवं उनके परिवारों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाएगा। यह पहल किसानों को सामाजिक सुरक्षा का मजबूत कवच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
30 जून तक तैयार होगी कार्ययोजना
अभियान के सफल संचालन के लिए प्रत्येक जनपद में 30 जून 2026 से पहले जिला गन्ना अधिकारी की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), सहकारी गन्ना विकास समिति के अध्यक्ष, इफको प्रतिनिधि, संबंधित चीनी मिलों के अधिकारी, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक एवं समिति सचिव शामिल होंगे। इसमें कार्यक्रम की विस्तृत कार्ययोजना, गोष्ठियों की तिथियां तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
छोटी समितियों में तीन और बड़ी समितियों में पांच दिवसीय गोष्ठियां
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि गन्ना आयुक्त के निर्देशानुसार छोटी गन्ना विकास समितियों में तीन दिवसीय तथा बड़ी समितियों में पांच दिवसीय कृषक गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इन गोष्ठियों में किसानों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही नामांकन कराया जाएगा।
एक ही स्थान पर मिलेगी सभी सुविधाएं
कार्यक्रम स्थल पर बैंक, इफको, चीनी मिल एवं गन्ना समितियों की ओर से संयुक्त रूप से सहायता एवं नामांकन काउंटर स्थापित किए जाएंगे। यहां किसानों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, प्रीमियम, लाभ एवं नामांकन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। साथ ही नए कृषक सदस्यों का पंजीकरण, बैंक खाता खुलवाने, दस्तावेजों की फोटोकॉपी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
गन्ना पर्यवेक्षक और स्वयं सहायता समूह निभाएंगे अहम भूमिका
अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए गन्ना पर्यवेक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों के गांवों में जाकर किसानों को कार्यक्रम की तिथियों, योजनाओं के लाभ तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही महिला स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा कवरेज को बढ़ावा मिल सके।
10 प्रतिशत गन्ना किसानों को जोड़ने का लक्ष्य
अभियान के तहत प्रत्येक गन्ना समिति, जनपद एवं परिक्षेत्र स्तर पर लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अनुसार कम से कम 10 प्रतिशत पंजीकृत गन्ना किसानों एवं उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा लाभार्थियों का विवरण जुलाई 2026 के तीसरे सप्ताह में मुख्यालय को भेजा जाएगा।
जिला गन्ना अधिकारी ने कहा कि यह विशेष अभियान गन्ना किसानों एवं उनके परिवारों को दुर्घटना, मृत्यु, वृद्धावस्था सहित अन्य सामाजिक एवं आर्थिक जोखिमों से सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें वित्तीय और सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पहुंच बढ़ेगी और किसानों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR