मुंबई गए बिना किसान के नाम पर 8.49 लाख का लोन! साइबर धोखाधड़ी की आशंका, पुलिस से जांच की मांग


मुंबई गए बिना किसान के नाम पर 8.49 लाख का लोन! साइबर धोखाधड़ी की आशंका, पुलिस से जांच की मांग

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो |
सपहां/कुशीनगर।कसया थाना क्षेत्र के मैनपुर टोला खदही गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गांव के एक किसान के नाम पर कथित रूप से मुंबई स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा से 8,49,901 रुपये का ऋण स्वीकृत होने की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीड़ित किसान का दावा है कि वह अपने जीवन में कभी मुंबई गया ही नहीं और न ही उसने वहां किसी बैंक से ऋण लिया है। ऐसे में पूरे मामले में साइबर धोखाधड़ी या दस्तावेजों के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, मैनपुर टोला खदही निवासी श्याम बिहारी कुशवाहा पुत्र सत्यनारायण कुशवाहा सब्जी की खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका पुत्र बाहर रहकर पढ़ाई करता है। पहले श्याम बिहारी किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से नगद देकर फोनपे/गूगल पे से बेटे को पैसे भेजते थे।
कुछ दिन पहले पुत्र ने घर आने पर उनके मोबाइल में फोनपे ऐप डाउनलोड कर स्वयं पैसे भेजने की प्रक्रिया सिखाई। इसी दौरान ऐप में उनके नाम पर 8,49,901 रुपये के ऋण की जानकारी दिखाई दी। यह देखकर पुत्र ने जब अपने पिता से मुंबई से लोन लेने के बारे में पूछा तो श्याम बिहारी हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि वे कभी मुंबई नहीं गए और न ही वहां किसी बैंक से ऋण लिया है।

बताया जा रहा है कि संबंधित ऋण की ईएमआई के बजाय केवल मासिक ब्याज जमा होने की जानकारी भी सामने आई है, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों में भी चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति के नाम पर बिना उसकी जानकारी के इतना बड़ा ऋण स्वीकृत हो सकता है तो यह गंभीर मामला है।

पीड़ित श्याम बिहारी कुशवाहा ने गुरुवार को कसया थानाध्यक्ष एवं साइबर सेल को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। अब सभी की निगाहें पुलिस और साइबर सेल की जांच पर टिकी हैं कि आखिर किसान के नाम पर कथित रूप से लाखों रुपये का ऋण किस आधार पर स्वीकृत हुआ और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।

रिपोर्टर: के.एन. राय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ