डीएम ने की मेडिकल कॉलेज परियोजनाओं की समीक्षा


निर्माण कार्यों में शिथिलता पर दी कार्रवाई की चेतावनी
युद्धस्तर पर पूरे हों मेडिकल कॉलेज की सभी निर्माण परियोजनाएं
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यकक्ष में महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय की विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में राजकीय निर्माण निगम एवं सीएनडीएस के अधिकारियों सहित संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने ट्रॉमा सेंटर, क्रिटिकल केयर यूनिट तथा अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लेते हुए सभी कार्यों को युद्धस्तर पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जून माह के भीतर सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण न होने की स्थिति में जांच कराकर जिम्मेदारी तय की जाएगी और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से ट्रॉमा सेंटर और क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज न केवल देवरिया बल्कि आसपास के जनपदों और सीमावर्ती राज्यों के मरीजों के लिए भी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के साथ-साथ मरीजों को बेहतर उपचार, पर्याप्त दवाएं और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं भी सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जानी चाहिए। मेडिकल कॉलेज की परियोजनाएं सीधे जनहित और जनस्वास्थ्य से जुड़ी हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में पूरी गंभीरता बरती जाए।

जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल तथा सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्रा को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें और प्रगति पर पैनी नजर बनाए रखें। यदि किसी स्तर पर शिथिलता दिखाई दे तो तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज को पूर्ण रूप से सुविधासंपन्न एवं क्रियाशील बनाने के लिए सभी निर्माण परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंता, प्रोजेक्ट मैनेजर एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर: ब्यूरों

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ